Top 5 This Week

Related Posts

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब, मुंबई पहुंचे मार्को रुबियो; जयशंकर से की मुलाकात

मुंबई। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो तीन दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, निवेश और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और अमेरिका लंबे समय से लंबित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। समझौते से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। इससे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ऊर्जा सहयोग पर भी हुई चर्चा

वार्ता में ऊर्जा सहयोग प्रमुख मुद्दा रहा। भारत की ऊर्जा जरूरतों, रूसी तेल के आयात और ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, रक्षा और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया गया।

26/11 के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

मुंबई पहुंचने के बाद रुबियो ने वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे। रुबियो ने मुंबई के प्रमुख स्थलों का दौरा कर भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों के महत्व को रेखांकित किया।

जामनगर ऊर्जा केंद्र का करेंगे दौरा

भारत यात्रा के अगले चरण में रुबियो के गुजरात के जामनगर स्थित ऊर्जा केंद्र का दौरा करने का कार्यक्रम है। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। उनकी यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों में व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles