नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुंबई में रुबियो की भारतीय सरकारी अधिकारियों के साथ होने वाली मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय की स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण देने को कहा है।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि रुबियो मुंबई में भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई थी कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस बैठक में शामिल होंगे।
राहुल गांधी ने एक्स पर क्या लिखा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर तंज कसा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर क्या हो रहा है। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी से मामले को स्पष्ट करने को कहा और लिखा कि यदि वे चाहें तो वह खुद उन्हें समझा सकते हैं।
राहुल गांधी के इस बयान पर खबर लिखे जाने तक केंद्र सरकार या भाजपा की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
जयराम रमेश ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी रुबियो की प्रस्तावित यात्रा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि भारत के विदेश मंत्री की देश के भीतर होने वाली बैठकों की जानकारी विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के बजाय किसी दूसरे देश के राजनयिक की ओर से क्यों दी जा रही है।
रमेश ने यह भी सवाल किया कि विदेश मंत्रालय ने जयशंकर की रुबियो के साथ प्रस्तावित मुलाकात को लेकर आधिकारिक रूप से जानकारी क्यों नहीं दी।
भारत दौरे में मुंबई और जामनगर जाएंगे रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की प्रस्तावित यात्रा के दौरान मुंबई और गुजरात के जामनगर जाने का कार्यक्रम है। जामनगर में वह रिलायंस की इकाई का दौरा करेंगे, जबकि मुंबई में भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
इस यात्रा में भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों तथा ऊर्जा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। फिलहाल राजनीतिक विवाद का केंद्र रुबियो की यात्रा से अधिक उनकी प्रस्तावित बैठक और उससे जुड़ी आधिकारिक जानकारी को लेकर उठे सवाल हैं।





