भारत में ज्यादातर लोग मजबूत नेता के पक्ष में हैं और मौजूदा सरकार के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। भारत, अमेरिका, डेनमार्क, इटली, ब्राजील, पाकिस्तान और इराक समेत 19 देशों के मतदाताओं के बीच किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है। इनमें दुनिया के तीन सबसे बड़े लोकतंत्र शामिल हैं। अन्य देशों में ताइवान, चिली, कोलंबिया, गाम्बिया, लेबनान, लिथुआनिया, रोमानिया, सेनेगल, सियरा लियोन, सोलोमन आइलैंड, दक्षिण कोरिया और तंजानिया हैं। गुरुवार को जारी सर्वे रिपोर्ट को ‘लोकतंत्र की समझ : दुनिया में लोग लोकतंत्र का आकलन कैसे करते हैं’ नाम दिया गया है। रिपोर्ट इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमाक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस (इंटरनेशनल आइडिया) ने जारी की है।





