यरुशलम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है। नेतन्याहू ने उन्हें भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का हीरो बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
विमान में हमले के दौरान बचाई यात्रियों की जान
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान से जुड़ी है। विमान में 174 यात्री सवार थे। रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया।
आपात स्थिति के बीच यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद विमान को आपात लैंडिंग के लिए सऊदी अरब ले जाया गया। संकट के दौरान कैप्टन मच्छर की भूमिका और निर्णय क्षमता की व्यापक सराहना की जा रही है।
फोन पर बातचीत कर की बहादुरी की तारीफ
नेतन्याहू ने शनिवार को कैप्टन मच्छर से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कठिन परिस्थितियों में साहस बनाए रखने और लोगों की जान बचाने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर ने दुनिया के सामने बहादुरी की मिसाल पेश की है।
नेतन्याहू ने उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सामान्यतः इजरायली नागरिकों को दिया जाता है, लेकिन कैप्टन मच्छर का साहस असाधारण है।
अबू धाबी में चल रहा इलाज
घटना में घायल कैप्टन स्मित मच्छर का संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में उपचार चल रहा है। उनकी बहादुरी की भारत और इजरायल सहित कई देशों में चर्चा हो रही है। इजरायली प्रधानमंत्री की ओर से दिया गया निमंत्रण संकट के समय उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सूझबूझ के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।




