अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से सड़क पर अचेत हुआ 55 वर्षीय किशन चौधरी, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
सलीम खान संध्या दैनिक उत्तरांचल दीप हल्द्वानी। बेरीपड़ाव में सड़क पार करना 55 वर्षीय चौकीदार के लिए आखिरी सफर साबित हुआ। अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने किशन चौधरी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे एसटीएच पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नेपाल निवासी किशन चौधरी (55) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के रूप में काम कर रहा था और अपने बेटे के साथ वहीं रह रहा था।
शनिवार को किशन चौधरी बेरीपड़ाव स्थित मंदिर के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं की तरफ से हल्द्वानी जा रहे अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशन सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से निकल गया।
हादसे ने फिर उठाए यातायात निगरानी पर सवाल
बेरीपड़ाव क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। अब पुलिस के सामने अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचने की चुनौती है।
सूचना मिलते ही लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।





