नई दिल्ली। भारत में ईरान के दूतावास ने संयुक्त राष्ट्र (UN) की भूमिका पर कटाक्ष करने के लिए बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘शोले’ के किरदार ठाकुर और हॉलीवुड के सुपरहीरो डॉक्टर स्ट्रेंज का सहारा लिया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मीम साझा किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र की कथित सीमित क्षमता पर सवाल उठाया गया है।
मीम के एक हिस्से में कई हाथों वाले डॉक्टर स्ट्रेंज की तस्वीर लगाई गई है। इसके साथ लिखा गया है- ‘स्कूल की किताबों के अनुसार UN’। वहीं दूसरे हिस्से में 1975 की फिल्म ‘शोले’ में संजीव कुमार द्वारा निभाए गए ठाकुर बलदेव सिंह का किरदार दिखाया गया है। इसके नीचे लिखा है- ‘असलियत में UN’।
UN की भूमिका पर ईरान का कटाक्ष
ईरान ने इस मीम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि किताबों और सिद्धांतों में संयुक्त राष्ट्र को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए प्रभावशाली संस्था के रूप में देखा जाता है, लेकिन बड़े वैश्विक संघर्षों के दौरान उसकी कार्रवाई की क्षमता सीमित दिखाई देती है। हालांकि, दूतावास की पोस्ट में किसी विशेष UN प्रस्ताव या घटना का सीधे उल्लेख नहीं किया गया है।
विदेश मंत्री ने भी उठाए सवाल
यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को लेकर आलोचना की है। ईरानी पक्ष के अनुसार, उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर UN चार्टर के कथित उल्लंघन का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र से इन मामलों पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की है। अराघची ने UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात के दौरान ये मुद्दे उठाए थे।
ईरान की ओर से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय फिल्मों और मीम्स का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना संदेश रखने के लिए किया जा रहा है। ‘शोले’ के ठाकुर वाले इस मीम में भी भारतीय पॉप कल्चर का इस्तेमाल कर संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर अपनी नाराजगी जाहिर की गई है।





