Top 5 This Week

Related Posts

इस्लामाबाद में SCO की बैठक शुरू, भारत भी शामिल; 2027 शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर होगी चर्चा

इस्लामाबाद। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के नेशनल कोऑर्डिनेटर्स की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से इस्लामाबाद में शुरू हो गई। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में भारत समेत संगठन के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान की 2026-27 की अध्यक्षता के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और आगामी बैठकों की तैयारियों पर चर्चा करना है।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और SCO के राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी कर रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान के राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद फैसल कर रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तनाव के बावजूद भारत ने SCO के बहुपक्षीय मंच के तहत बैठक में भाग लिया है।

पाकिस्तान की अध्यक्षता में गतिविधियों पर मंथन

बैठक में SCO की गतिविधियों के कार्यक्रम, आगामी बैठकों और अन्य आयोजनों की तैयारियों समेत संगठन के एजेंडे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही है। पाकिस्तान ने अपनी अध्यक्षता के लिए ‘टर्निंग विजन इनटू एक्शन: कनेक्टिविटी, इनोवेशन एंड शेयर्ड प्रॉस्पेरिटी’ थीम तय की है। इसके तहत संपर्क बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने, आर्थिक सहयोग मजबूत करने और सदस्य देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

अगस्त 2027 में होगा SCO शिखर सम्मेलन

यह बैठक अगले वर्ष अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में प्रस्तावित SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट शिखर सम्मेलन की तैयारियों की दिशा में शुरुआती महत्वपूर्ण बैठक है। पाकिस्तान की अध्यक्षता के दौरान होने वाले विभिन्न उच्चस्तरीय कार्यक्रमों के लिए भी इसमें समन्वय किया जा रहा है।

SCO में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस समेत 10 सदस्य देश हैं। भारत और पाकिस्तान 2017 में संगठन के पूर्ण सदस्य बने थे। भारत इससे पहले अक्टूबर 2024 में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक में भी शामिल हुआ था।

Popular Articles