Top 5 This Week

Related Posts

SIR विवाद पर प्रियंका गांधी का हमला, बोलीं- गैरकानूनी काम साबित हुआ तो ज्ञानेश कुमार पर चले आपराधिक मुकदमा

वायनाड। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच जारी विवाद के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची में गैरकानूनी तरीके से छेड़छाड़ या मतदाताओं के नाम हटाने की बात जांच में सही साबित होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए।

वायनाड में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने चुनावी प्रक्रिया से छेड़छाड़ को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ गंभीर अपराध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी अधिकारी ने जानबूझकर अनुचित चुनाव की स्थिति बनने दी है, तो उसे अन्य आरोपितों की तरह कानूनी प्रक्रिया का सामना करना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के कानूनी संरक्षण पर भी सवाल उठाया।

प्रियंका गांधी की यह टिप्पणी एक मीडिया रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों और निर्देशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की थी। रिपोर्ट के अनुसार, इन आपत्तियों में मतदाता सूची की प्रक्रिया और नाम हटाने से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

कांग्रेस का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए। प्रियंका गांधी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यदि किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

चुनाव आयोग ने आरोपों पर दी सफाई

वहीं, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों में मतभेद के आरोपों पर कहा है कि आयोग के सभी अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, चुनाव आयुक्तों ने मतदाता सूची की प्रक्रिया से जुड़े कुछ मुद्दों पर चिंताएं जरूर जताई थीं, लेकिन SIR से संबंधित अंतिम निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से लिए गए।

इस विवाद के बीच SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग के निर्णयों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि यदि किसी तरह की गैरकानूनी कार्रवाई साबित होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

Popular Articles