Top 5 This Week

Related Posts

रेलवे भूमि पर फैसले से पहले हल्द्वानी में हाई अलर्ट, छतों से सोशल मीडिया तक पुलिस की पैनी नजर

बनभूलपुरा में सुरक्षा का अभेद्य घेरा, ड्रोन से निगरानी; पत्थर-मलबा जमा मिला तो होगी सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले हल्द्वानी के संवेदनशील बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा का मोर्चा पूरी तरह संभाल लिया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। फैसले के बाद किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल के साथ ड्रोन, एंटी रायट, टियर गैस, बम निरोधक और फायरिंग स्क्वाड जैसी विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।

बनभूलपुरा में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में ब्रीफ किया गया। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

फैसले के बाद जमीन पर उतरेगा भारी पुलिस बल

शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुपर जोन से लेकर गलियों और संवेदनशील इलाकों तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। तैनाती में 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/अपर एसआई, 10 महिला एसआई/अपर एसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।

ड्रोन से छतों पर नजर, सोशल मीडिया भी रडार पर

पुलिस ने साफ कर दिया है कि निगरानी केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी। ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगाह रहेगी। अफवाह, भ्रामक सूचना, भड़काऊ पोस्ट या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

छत पर पत्थर-मलबा मिला तो कार्रवाई तय

पुलिस ने विशेष रूप से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों को चेताया है। किसी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी के संकेत मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा में विशेष टीमें भी मोर्चे पर

सुरक्षा व्यवस्था में अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड शामिल किए गए हैं। पुलिस लाइन से अतिरिक्त विशेष दस्ते और जरूरत के अनुसार अन्य वाहन व संसाधन भी मौके पर लगाए जाएंगे।

पुलिस की अपील—फैसले का सम्मान करें, अफवाहों से बचें

नैनीताल पुलिस ने आमजन से न्यायालय के फैसले का सम्मान करने, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने चेताया है कि अफवाह फैलाने, लोगों को गुमराह करने अथवा भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles