अल्मोड़ा। स्टाइपेंड बढ़ाने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया। इंटर्न डॉक्टरों ने बेस अस्पताल परिसर में तेज बारिश के बीच प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह केवल 17 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है। उनका तर्क है कि एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अस्पताल में मरीजों की देखभाल समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला स्टाइपेंड उनकी मेहनत और योग्यता के अनुरूप नहीं है।
डॉक्टरों ने सरकार से उत्तराखंड में एमबीबीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
कार्यबहिष्कार के दौरान इंटर्न डॉक्टरों ने मरीजों की परेशानी को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं को आंदोलन से मुक्त रखा है। इमरजेंसी में मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलती रहेंगी।
इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मांग लंबे समय से लंबित है और सरकार को इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान आदित्य, प्रवाही रावत, रक्षित देवड़ी, ध्रुव देवराड़ी, फलक, पंकज, कुशाग्र, भावना और शरीफ समेत कई इंटर्न डॉक्टर मौजूद रहे।





