Top 5 This Week

Related Posts

NEET-UG 2027 की तैयारी शुरू, कंप्यूटर पर होगी परीक्षा; NTA ने AICTE से मांगी मदद

नई दिल्ली। मेडिकल स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली NEET-UG 2027 परीक्षा को कंप्यूटर आधारित बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने देशभर में उपयुक्त परीक्षा केंद्र विकसित करने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से मदद मांगी है। इस कदम का उद्देश्य परीक्षा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करना है।

NTA ने AICTE से सरकारी संस्थानों में उपलब्ध आईटी ढांचे और खाली या कम उपयोग वाली जगहों की जानकारी जुटाने को कहा है। इसके आधार पर ऐसे संस्थानों की पहचान की जाएगी, जिन्हें स्टैंडर्ड टेस्टिंग सेंटर (STC) के रूप में विकसित किया जा सकता है।

कंप्यूटर से लेकर CCTV तक मांगी जानकारी

AICTE ने अपने अधीन आने वाले सरकारी कॉलेजों और संस्थानों से निर्धारित प्रारूप में विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें कार्यरत कंप्यूटरों की संख्या, आईटी सुविधाएं, नेटवर्किंग, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था और CCTV सिस्टम का ब्योरा शामिल है। संस्थानों को उपलब्ध खाली स्थान की जानकारी भी देनी होगी। सभी विवरण संबंधित सक्षम अधिकारी से सत्यापित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

AICTE ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी केवल परिषद से अनुमोदित सरकारी कॉलेजों और संस्थानों से मांगी गई है। संस्थानों को अपना विवरण 15 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।

छोटे निजी संस्थानों को केंद्र बनाने पर रोक

NTA के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा के केंद्रों का काम छोटे निजी संस्थानों को आउटसोर्स नहीं किया जाएगा। केंद्रों का चयन निर्धारित मानकों और तकनीकी सुविधाओं के सख्त मूल्यांकन के बाद किया जाएगा। AICTE के अधीन कई तकनीकी संस्थानों में आवश्यक कंप्यूटर और नेटवर्किंग सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण उनसे सहयोग लिया जा रहा है।

NEET-UG को 2027 से पेन-पेपर मोड से हटाकर कंप्यूटर आधारित परीक्षा कराने का निर्णय परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पेपर लीक विवाद के बाद NTA में व्यापक सुधार प्रक्रिया भी चल रही है।

 

Popular Articles