Top 5 This Week

Related Posts

महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती पर निकली भव्य पदयात्रा, फिल्म जगत की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

कोलकाता। बांग्ला सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर कोलकाता में भव्य पदयात्रा निकाली गई। चार दिवसीय जन्मशती समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों, कलाकारों, तकनीशियनों और उत्तम कुमार के प्रशंसकों ने हिस्सा लिया। शहर में जगह-जगह उनके पोस्टर, कटआउट और सजावट के जरिए महानायक को याद किया गया।

पदयात्रा का आयोजन नंदन परिसर से किया गया। यह यात्रा एसएसकेएम, अकादमी, सेंट पॉल्स कैथेड्रल और बिरला तारामंडल होते हुए गगनेंद्र प्रदर्शशाला तक पहुंची। इसमें आम लोगों के साथ बांग्ला फिल्म उद्योग के कलाकारों ने भी हिस्सा लिया। उत्तम कुमार के परिवार के सदस्य भी इस श्रद्धांजलि यात्रा में शामिल हुए।

चार दिन तक होंगे विशेष कार्यक्रम

उत्तम कुमार की जन्मशती के मौके पर पश्चिम बंगाल सरकार और टॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की ओर से 3 से 6 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की शुरुआत उनके जन्मस्थल अहिरीटोला में श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन और बिजोली सिनेमा के पास उनके विशाल कटआउट का अनावरण किया गया।

समारोह के दौरान उत्तम कुमार के जीवन और फिल्मी सफर पर प्रदर्शनी, फिल्म फेस्टिवल, सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। नंदन में उनके चर्चित फिल्मों की स्क्रीनिंग की जा रही है, जिसकी शुरुआत सत्यजीत रे की फिल्म ‘नायक’ से हुई।

वर्षभर याद किए जाएंगे महानायक

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी जन्मशती को केवल चार दिनों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। राज्य सरकार वर्षभर उनके जीवन और योगदान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगी।

उत्तम कुमार को बांग्ला सिनेमा के सबसे प्रभावशाली अभिनेताओं में गिना जाता है। उनकी फिल्मों और अभिनय ने कई पीढ़ियों के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। जन्मशती समारोह के जरिए कोलकाता ने एक बार फिर अपने इस महानायक की विरासत को याद किया।

 

Popular Articles