बंदी से मिलने पहुंचा था युवक, जेल के बाहर हथियार लेकर खड़े होने से मचा हड़कंप; वारदात की फिराक में होने का अंदेशा
हल्द्वानी। उपकारागार के बाहर एक युवक के पास से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक जेल में बंद एक बंदी से मिलने आया था। वह जेल परिसर के बाहर अपनी वरना कार में मौजूद था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी कार की चेकिंग की तो अंदर से का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जेल के बाहर हथियार मिलने से पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि युवक आखिर तमंचा लेकर वहां क्यों पहुंचा था और उसका मकसद क्या था।
जेल के बाहर हथियार मिलने से उठे सवाल
पुलिस की कार्रवाई ने उपकारागार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर बंदियों से मुलाकात के लिए लोग पहुंचते हैं, उसी के बाहर हथियार लेकर एक युवक के खड़े होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अब आरोपी के जेल में बंद बंदी से संबंधों के साथ-साथ उसके आपराधिक इतिहास और हथियार रखने के उद्देश्य की भी जानकारी जुटा रही है।
संदिग्ध वरना कार की तलाशी में खुला राज
कोतवाल विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम को संदिग्ध वाहन के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उपकारागार के बाहर खड़ी वरना कार संख्या यूके 06आर-8499 की चेकिंग की। तलाशी के दौरान कार से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया।
बाजपुर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करहै लिया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
वारदात की आशंका की भी जांच
जेल के बाहर तमंचा और कारतूस मिलने के बाद पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं था। हालांकि आरोपी हथियार लेकर वहां किस उद्देश्य से पहुंचा था, इसका वास्तविक खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में एसएसआई रोहताश सिंह सागर, एसआई राम सिंह अधिकारी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी, कांस्टेबल राहुल राणा, कांस्टेबल कुन्दन सिंह और होमगार्ड अमरबण गोस्वामी शामिल रहे।





