Top 5 This Week

Related Posts

ओडिशा तट के पास डूबा 24 क्रू वाला कार्गो जहाज, दो लोगों का हुआ रेस्क्यू

भुवनेश्वर। ओडिशा तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा ध्वज वाला कार्गो जहाज एमवी ओशन विनर डूब गया। जहाज पर 24 क्रू सदस्य सवार थे। भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने तत्काल बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक दो लोगों को लाइफ राफ्ट से सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि बाकी 22 क्रू सदस्यों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, जहाज ओडिशा से करीब 72,100 टन लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। यह पोत 20 अगस्त की रात करीब 10:42 बजे पारादीप तट से रवाना हुआ था। हादसे के समय जहाज पर 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक समेत कुल 24 लोग मौजूद थे।

बताया गया है कि जहाज से संपर्क टूटने के बाद उसके समुद्र में डूबने की सूचना मिली। फिलहाल जहाज के डूबने के कारणों का पता नहीं चल सका है। तटरक्षक बल और नौसेना के संसाधन लापता क्रू सदस्यों की तलाश में जुटे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, समुद्र में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे की परिस्थितियों और जहाज की स्थिति को लेकर आगे की जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

 

Popular Articles