Top 5 This Week

Related Posts

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, दो नकाबपोश गिरफ्तार

हथियारों के बल पर आठ लाख की लूट का मामला—पिस्टल-तमंचा, आठ कारतूस और 66 हजार रुपये बरामद

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा करीब आठ लाख रुपये की डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 66 हजार रुपये, एक तमंचा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव-तीनपानी स्थित एक कार्यालय/गैराज में 10 हथियारबंद नकाबपोशों ने धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठी लूट ली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए करीब 50 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस व डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया।

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला राज

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह (28) निवासी शीशगढ़, बरेली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने डकैती की साजिश में शामिल होने की बात कबूल की।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संपर्क किच्छा निवासी यश सडाना से था। जुए में लाखों रुपये हारने और आर्थिक तंगी के चलते डकैती की योजना बनाई गई। आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की और फिर अन्य लोगों को साथ लेकर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम बांटने के बाद मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए थे।

दो आरोपियों से बरामदगी

वंशप्रीत सिंह के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस तथा रखवीर सिंह से 35 हजार रुपये, 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में निम्न धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। एस एस पी ने बताया कि संगठित तरीके से अपराध किए जाने के आधार पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

रखवीर पर पहले से पांच मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और लूटी गई शेष रकम व सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस टीम की कार्रवाई पर उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।इंसेट-1
50 पुलिसकर्मी लगे, फिर भी 10 बदमाशों में सिर्फ दो हाथ आए!
गोरापड़ाव डकैती के खुलासे के लिए एसएसपी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की टीमें मैदान में उतारीं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ सिर्फ दो आरोपी ही लगे हैं। वारदात में शामिल बाकी नकाबपोश कहां हैं और लूटी गई रकम व जेवरात का क्या हुआ—इन सवालों का जवाब पुलिस को देना बाकी है। ऐसे में डकैती के खुलासे को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
इंसेट-2
दो गिरफ्तारियां, बाकी बदमाश फरार; ‘तेज-तर्रार’ पुलिस पर उठे सवाल
हथियारों के बल पर लाखों की डकैती के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद पुलिस पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ने में नाकाम नजर आ रही है। जब पुलिस ने करीब 50 लोगों की टीम लगाई थी तो बाकी आरोपियों तक अब तक हाथ क्यों नहीं पहुंचा? लूट का पूरा माल बरामद क्यों नहीं हुआ? यही सवाल अब पुलिस की कार्यप्रणाली और दावे पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।

Popular Articles