Top 5 This Week

Related Posts

सूरज की तपिश से जगमगा रहा कुमाऊं, सौर ऊर्जा से हर माह बन रही 75.65 लाख यूनिट बिजली

हल्द्वानी। कुमाऊं में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। सूरज की किरणें अब घरों को रोशन करने के साथ लोगों की आर्थिकी को भी मजबूत कर रही हैं। कुमाऊं मंडल में 19,654 उपभोक्ता सौर ऊर्जा का लाभ उठा रहे हैं और इनके सोलर प्लांट से हर माह करीब 75.65 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। यूपीसीएल के कुमाऊं जोन में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले शामिल हैं।

सरकारी योजनाओं के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने में नैनीताल जिला सबसे आगे है। जिले में कुल 13,594 उपभोक्ता सोलर ऊर्जा से जुड़े हैं। इनमें हल्द्वानी ग्रामीण विद्युत वितरण खंड में सबसे अधिक 9,434 सोलर प्लांट लगे हैं। हल्द्वानी टाउन में 2,022 और रामनगर में 1,713 उपभोक्ता सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

अल्मोड़ा जिले में रानीखेत और भिकियासैंण क्षेत्र को मिलाकर 1,050 उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़े हैं, जबकि ऊधमसिंह नगर में 4,753 उपभोक्ता इसका लाभ उठा रहे हैं। पूरे कुमाऊं जोन में इन उपभोक्ताओं के लिए 55,019 किलोवाट का भार स्वीकृत है।

जून में हल्द्वानी ग्रामीण सबसे आगे

जून में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन के मामले में हल्द्वानी ग्रामीण सबसे आगे रहा। यहां 42.33 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ। काशीपुर में 6.80 लाख, अल्मोड़ा में 6.55 लाख, हल्द्वानी टाउन में 6.54 लाख, जसपुर में 2.76 लाख, बाजपुर में 1.68 लाख, बागेश्वर में 1.34 लाख और नैनीताल में 1.32 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन दर्ज किया गया।

उत्पादन और खपत का रखा जा रहा सटीक हिसाब

यूपीसीएल की ओर से सोलर प्लांट वाले उपभोक्ताओं के यहां चेक मीटर लगाए जा रहे हैं। इससे बिजली के उत्पादन और खपत का सटीक हिसाब रखा जा सकेगा। उपभोक्ताओं को उत्पादन संबंधी जानकारी मोबाइल फोन पर भी उपलब्ध कराई जा रही है।

यूपीसीएल के मुख्य अभियंता राजेंद्र सिंह गुंज्याल के अनुसार, पिछले वर्षों में लोगों का प्राकृतिक ऊर्जा की ओर रुझान बढ़ा है। इसी के चलते सोलर प्लांट के साथ रूफटॉप सोलर को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है

 

Popular Articles