लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को भारतीय जनता पार्टी हल्दूचौड़ मंडल की ओर से मंडल स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ हल्दूचौड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ मंदिर से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर भाजपा कार्यकर्ता मुख्य बाजार से होते हुए पंचायत घर स्थित शहीद स्मारक तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए।
शहीद स्मारक पर पहुंचने के बाद राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। यात्रा का नेतृत्व हल्दूचौड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का और दर्जा राज्यमंत्री दीपक मेहरा ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का ने कहा कि देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया है।
उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन की ओर से स्वतंत्रता दिवस से पूर्व प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं एवं लोगों का आभार व्यक्त किया।





