Top 5 This Week

Related Posts

सुलहनामा कराने के बहाने जंगल ले गया, विवाहिता से दुष्कर्म का आरोप

लालकुआं रेलवे स्टेशन से पति के दोस्त ने बाइक पर बैठाया, टांडा के जंगल में ले जाकर वारदात का आरोप

हल्द्वानी/लालकुआं। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद सात माह की बच्ची को लेकर मायके जाने के लिए निकली विवाहिता के साथ पति के दोस्त द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति से सुलह कराने और उसे घर वापस ले जाने का भरोसा देकर आरोपी विवाहिता को लालकुआं रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले गया और टांडा के जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की तहरीर पर लालकुआं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में विवाहिता ने बताया कि जवाहर नगर, गौला नदी के पास रहने वाले उसके पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर वह अपनी सात माह की बेटी को लेकर हल्द्वानी से लालकुआं पहुंची और रेलवे स्टेशन पर बैठ गई। रात में पति ने फोन कर उसके बारे में पूछा तो उसने स्टेशन पर होने की जानकारी दी। आरोप है कि पति के नशे में होने की जानकारी मिलने के बाद उसके दोस्त धर्मेंद्र निवासी राजपुरा को इसकी जानकारी हुई।

पीड़िता का आरोप है कि धर्मेंद्र मोटरसाइकिल से लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचा और उसे घर ले जाकर पति से सुलह कराने की बात कही। भरोसा दिलाकर वह उसे बाइक पर बैठाकर हल्द्वानी की ओर ले गया। आरोप है कि आईओसी डिपो के सामने सड़क से वह उसे टांडा के जंगल की ओर ले गया। वहां उसकी मासूम बच्ची को एक तरफ बैठाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी उसे रात में हल्द्वानी स्थित गौला पुल के पास छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने पीड़िता को साथ लेकर कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दुष्कर्म से संबंधित मामले में कुछ लोग हल्द्वानी से तहरीर लेकर पहुंचे हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles