Top 5 This Week

Related Posts

हल्द्वानी में आज खरगे की महारैली, उत्तराखंड चुनाव अभियान का कुमाऊं से होगा आगाज

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच खरगे की यह रैली कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है। पार्टी ने इसे कुमाऊं क्षेत्र से चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर पेश किया है।

यह खरगे का हल्द्वानी का पहला दौरा है। कांग्रेस का दावा है कि रैली का प्रभाव केवल नैनीताल और ऊधमसिंह नगर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे कुमाऊं में पार्टी के अभियान को नई दिशा मिलेगी। पार्टी की ओर से रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की तैयारी की गई है।

पलायन, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा होंगे मुद्दे

कांग्रेस ने रैली के लिए प्रदेश के प्रमुख जन मुद्दों को केंद्र में रखा है। पार्टी के अनुसार, खरगे अपने संबोधन में पलायन, बेरोजगारी और महिला अपराध जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेर सकते हैं। रैली को प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस के अभियान के अहम पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

खरगे के दौरे से पहले कांग्रेस ने छह विधानसभा क्षेत्रों में ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ भी आयोजित की है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को लामबंद करने पर जोर दे रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रैली को देखते हुए पुलिस ने हल्द्वानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बेलबाबा क्षेत्र में शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। मुख्य गेट से केवल खरगे के काफिले को प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए अन्य गेट निर्धारित किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में तीन राजपत्रित अधिकारियों, चार इंस्पेक्टर, 65 उपनिरीक्षक व सहायक उपनिरीक्षक समेत करीब 300 पुलिसकर्मियों और दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।

Popular Articles