76 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव, वार्ड के पृथक क्यूबिकल में भर्ती • स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू • मरीज की हालत स्थिर, ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं।
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में मंगलवार को कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की 76 वर्षीय महिला की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल उसे वार्ड-सी के पृथक क्यूबिकल में आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया। राहत की बात यह है कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता नहीं है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि रामपुर जिले के कैमरी, बिलासपुर निवासी जमीला का थ्रोट स्वाब जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट एसएआरएस-कोव-2 पॉजिटिव आई। रिपोर्ट प्राप्त होते ही संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल लागू करते हुए मरीज को अलग वार्ड में भर्ती किया गया और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू कर दिया गया।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना मुख्य चिकित्साधिकारी रामपुर, मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य तथा कंट्रोल रूम को भेज दी है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है और सभी संभावित संपर्कों की निगरानी की जा रही है, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे की जांच और निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह एकल मामला है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
इंसेट
सतर्क रहें, अफवाहों से बचें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोरोना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतें, हाथों की स्वच्छता बनाए रखें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं। विभाग का कहना है कि समय पर जांच और सतर्कता ही संक्रमण की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।




