चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का एक भावुक और अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चेन्नई में आयोजित पुलिस पदक वितरण समारोह के दौरान स्निफर डॉग ‘रॉकी’ ने फूलों की टोकरी भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया।
राजारथिनम स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विजय को पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसी दौरान प्रशिक्षित स्निफर डॉग ‘रॉकी’ अपने हैंडलरों के साथ मंच तक पहुंचा। रॉकी अपने मुंह में फूलों की टोकरी लेकर मुख्यमंत्री के सामने पहुंचा और सम्मान प्रकट करते हुए झुक गया। मुख्यमंत्री विजय ने भी मुस्कुराते हुए रॉकी को सलामी दी और फूल स्वीकार किए। इस आत्मीय पल पर उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने वर्ष 2023, 2024 और 2025 के लिए उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 665 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को भारत सरकार तथा राज्य सरकार के पदक प्रदान किए। कार्यक्रम में पुलिस बल के योगदान की सराहना की गई और उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित कर्मियों को बधाई दी गई।
रॉकी के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है। लोग स्निफर डॉग की अनुशासन, प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने की शैली की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे समारोह का सबसे यादगार और भावुक क्षण बताया है।





