Top 5 This Week

Related Posts

चलो संसद’ प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जारी ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया है। इस निर्णय का असर हजारों दैनिक यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें कार्यालय और अन्य गंतव्यों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

डीएमआरसी के अनुसार, बंद किए गए प्रमुख स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है, लेकिन अन्य स्टेशनों पर ट्रेनें बिना रुके गुजरती रहीं।

प्रदर्शन के कारण मध्य दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित रहा। दिल्ली पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले ट्रैफिक और मेट्रो संबंधी अपडेट देखने तथा वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से कई स्थानों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोगों को बसों, ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का सहारा लेना पड़ा, जिससे सड़क यातायात पर भी अतिरिक्त दबाव बना। कई यात्रियों ने समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाने की चिंता भी जताई।

डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार ही स्टेशनों को बंद किया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद ही इन स्टेशनों पर नियमित परिचालन बहाल किया जाएगा। यात्रियों से आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

Popular Articles