हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार को दो युवकों के गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के युवकों के बीच पहले ठंडी सड़क पर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई युवक घायल हो गए और एक-दूसरे पर हमला कर सिर फोड़ दिए।
घटना के बाद घायल उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी मामला शांत नहीं हुआ। अस्पताल की इमरजेंसी के भीतर और बाहर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और दोबारा मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में हुई पूरी मारपीट की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया।
पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और संबंधित पक्षों की तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





