Top 5 This Week

Related Posts

बड़ी कार्रवाई: 1.121 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, एसओटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

हल्द्वानी। कुमायूँ में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मंगलवार को एसओटीएफ कुमायूँ और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधी इंटर कॉलेज रोड स्थित तरणताल के पास से एक युवक को 1.121 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की मात्रा को देखते हुए पुलिस इसे नशा तस्करी के खिलाफ अहम सफलता मान रही है।

पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 1.121 किलो अवैध चरस बरामद होने पर पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत बाल्मीकि पुत्र हरकेश बाल्मीकि, निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर-27, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई किया जाना था।

कार्रवाई में एसओटीएफ कुमायूँ रेंज के प्रभारी एवं उनकी टीम के साथ कोतवाली पुलिस के एस आई मनोज कुमार और पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कुमायूँ पुलिस ने कहा है कि “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती रहेगी।

Popular Articles