कैबिनेट मंत्री ने 552 लाख के विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास
रूद्रपुर। परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कैबिनेट मंत्री ने 552 लाख के विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सीएम पुष्कर सिंह धामी रोज विकास की नई-नई गाथा लिख रहे है। प्रदेश के सभी जनपदों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य हैं। शिविर के माध्यम से जनता को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जानकारी दी जा रही है और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता की सरकार-जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्या सुन रही है और विभागीय अधिकारी मौके पर समाधान भी कर रहे है। उन्होंने मौजूद जनमानस से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को भी योजनाओं की जानकारी दें। ताकि जो लोग शिविर में नही पहुंच पा रहे है वे लोग भी सम्बन्धित विभागों योजनाओं का लाभ ले सकें।
विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, ब्लांक प्रमुख रीना गौतम ने भी सम्बोधित करते हुए कहा कि सीएम धामी ने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है जिससे जनता को सरलता से योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर जन-जन की सेवा कर रहे है। जनपद में शिविर लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जा रही व पात्र लोगो को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
552 लाख की विकास योजनाओं का शिलान्यास
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने 552 लाख की रुद्रपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड संख्या-38 आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क निर्माण, रुद्रा वेंडिंग जोन के दाहिनी ओर एवं यूपीसीएल कार्यालय के पीछे वेंडिंग जोन फेस-2 हेतु 70.51 लाख रुपये की लागत से साइट डेवलपमेंट सिविल कार्य, 90.10 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग जोन फेस-2 निर्माण कार्य, वार्ड संख्या-28 मुख्य बाजार स्थित बाटा चैक पर 24.90 लाख रुपये की लागत से घंटाघर निर्माण, कलेक्ट्रेट परिसर में 78.78 लाख रुपये की लागत से प्री-कास्ट रूफ टॉप वर्षा जल संचयन परियोजना, लंबाखेड़ा में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से गौसदन निर्माण तथा ट्रांजिट कैंप में 44.38 लाख रुपये की लागत से नगर निकाय साझा केंद्र निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पशु संरक्षण तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
प्रभारी मंत्री ने नगर निगम परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिविर में 258 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 257 लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में लगाए गए स्टालों पर सरकार की संचालित योजनाओं की जानकारी दी
शिविर में नगर निगम, राजस्व, विद्युत, उद्योग, मत्स्य, कृषि, सैनिक कल्याण, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग, गन्ना विकास आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गयीे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 7 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 6 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, स्वास्थ्य विभाग द्वारा परीक्षण कर लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया गया, पशु पालन विभाग द्वारा लोगों को जानकारी दी गई व दवाई वितरित की गई।
नगर निगम रुद्रपुर के स्टॉल पर 5 जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, 17 आधार कार्ड अपडेट सुधार, 2 जन्म प्रमाण-पत्र, 10 पोषण अभियान के अंतर्गत चेक एवं क्रेडिट कार्ड वितरण, 100 पौधों का वितरण तथा श्नमस्ते योजनाश् के तहत 10 लाभार्थियों को किट वितरित की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के चार लाभार्थियों को भी योजनाओं का लाभ दिया गया।
वहीं विद्युत वितरण खंड को प्राप्त एक शिकायत का भी मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में कुल 258 आवेदन प्राप्त हुई जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसडीएम मनीष बिष्ट, प्रीत ग्रोवर, भारत भूषण चुघ, अमित नारंग, अनिल चैहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, ईईता सिंचाई बीएस डांगी समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एक पेड़ मां के नाम के तहत निगम में लगाया पौधा
प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।





