Top 5 This Week

Related Posts

फॉर्च्यून इंडिया की ‘मोस्ट पावरफुल वुमेन 2026’ सूची में नीता अंबानी पहले स्थान पर

नई दिल्ली। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को फॉर्च्यून इंडिया की ‘मोस्ट पावरफुल वुमेन 2026’ सूची में पहला स्थान मिला है। यह सम्मान उन्हें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक विकास में योगदान और संस्थान निर्माण की दिशा में किए गए कार्यों के लिए दिया गया है। फॉर्च्यून इंडिया ने मुंबई में आयोजित अपने वार्षिक कार्यक्रम के दौरान देश की 100 प्रभावशाली महिलाओं की सूची जारी की।

फॉर्च्यून इंडिया के अनुसार, नीता अंबानी ने रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। संस्था की विभिन्न पहलों से अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

इस सूची में एचसीएल टेक की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अपोलो हॉस्पिटल्स की रेड्डी बहनों को तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा सावित्री जिंदल, डॉ. प्रीति अडानी, किरण मजूमदार-शॉ और ईशा अंबानी सहित कई प्रमुख महिला उद्योगपतियों और नेताओं को भी सूची में शामिल किया गया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद नीता अंबानी ने कहा कि वास्तविक नेतृत्व का उद्देश्य दूसरों को आगे बढ़ने के अवसर देना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने महिलाओं और युवतियों को बड़े सपने देखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

Popular Articles