Top 5 This Week

Related Posts

पुलिस का डबल एक्शन: दो बड़ी चोरियों का खुलासा, लाखों का सामान बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

हल्द्वानी। पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की सनसनीखेज घटनाओं का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान बरामद कर लिया। इनमें रामपुर रोड स्थित एक मकान से चोरी हुआ इलेक्ट्रॉनिक सामान और सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप शामिल हैं। मामले के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

दो दिन पूर्व बेड़ापोखरा, देवलचौड़, रामपुर रोड निवासी हेमंत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर लैपटॉप, एलईडी टीवी, मोबाइल,सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, तांबे के पूजा पात्र तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए।

इसी दिन सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर में लगे एसी के आउटडोर यूनिटों से कॉपर पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल विजय मेहता ने विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों का खुलासा करते हुए रितिक बिष्ट उर्फ गोलू निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल निवासी पुलभट्टा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई एलईडी टीवी, लैपटॉप, मोबाइल, मंदिर की चार मूर्तियां, दो पीली धातु के झूले, तांबे का पूजा पात्र, सीलिंग फैन तथा बेस अस्पताल से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रितिक बिष्ट के खिलाफ अल्मोड़ा और हल्द्वानी में लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

सफल कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नबी (सीसीटीवी विश्लेषण), कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी और कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे।

मामले के सफल अनावरण पर एस एस पी मंजू नाथ टी सी ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Popular Articles