Top 5 This Week

Related Posts

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, महिलाओं संग एसडीएम कोर्ट में जोरदार प्रदर्शन

हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े बिजली बिलों को लेकर शहर में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने एसडीएम कोर्ट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों ने घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई।

इस दौरान कांग्रेस नेता ललित जोशी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और जनता की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

Popular Articles