Top 5 This Week

Related Posts

मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट, नालों और गोला नदी किनारे 150 भवन चिह्नित, नोटिस जारी

हल्द्वानी। आगामी मानसून के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित आपदा से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला तथा गोला नदी से सटे संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान करीब 150 भवनों एवं अन्य संरचनाओं को संभावित रूप से प्रभावित होने वाला चिन्हित किया गया। इन सभी भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर आगाह किया गया कि मानसून के दौरान जलस्तर किसी भी समय अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है। प्रशासन ने संबंधित परिवारों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नदी और नालों के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की सलाह दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे।

Popular Articles