Top 5 This Week

Related Posts

हरिद्वार तक बढ़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी-उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

हरिद्वार। मेरठ से प्रयागराज तक संचालित गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार अब हरिद्वार तक किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना के तहत करीब 146 किलोमीटर लंबे नए लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क संपर्क पहले से अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बिजनौर जिले के चांदपुर तहसील स्थित रुस्तमपुर से प्रवेश करेगा और नजीबाबाद क्षेत्र के कासमपुर होते हुए हरिद्वार पहुंचेगा। इस परियोजना पर लगभग 2,200 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों के बीच इस विस्तार को लेकर पहले ही सहमति बन चुकी है और प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक विस्तार से धार्मिक पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे हरिद्वार और प्रयागराज जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। अनुमान है कि दोनों शहरों के बीच सफर का समय घटकर करीब 8 से 9 घंटे रह जाएगा।

विस्तार परियोजना के लिए संभावित मार्ग पर भूमि सर्वेक्षण और नक्शों का सत्यापन शुरू किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। परियोजना पूरी होने पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles