Top 5 This Week

Related Posts

एमबीपीजी कॉलेज में पोस्टर अभियान बना बवाल, एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में मारपीट, एक छात्र घायल

हल्द्वानी। एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के बीच गुरुवार को एम बी पी जी परिसर में पोस्टर और हस्ताक्षर अभियान को लेकर जमकर हंगामा हो गया। दोनों छात्र संगठनों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला प्राचार्य कक्ष तक पहुंच गया। हालांकि वहां भी छात्र शांत नहीं हुए और तीखी बहस के बाद परिसर में हाथापाई हो गई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया।
कॉलेज गेट पर एबीवीपी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एनएसयूआई से जुड़े मेहुल साह ने भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने के विरोध में कॉलेज परिसर के भीतर अलग से हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बीच कुछ छात्रों ने एनएसयूआई का पोस्टर फाड़ दिया, जिसके बाद माहौल अचानक गरमा गया।

पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष प्राचार्य के समक्ष पहुंचे, लेकिन वहां भी आक्रोश कम नहीं हुआ। प्राचार्य कक्ष में ही छात्रों के बीच बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।

स्थिति बिगड़ती देख प्राचार्य ने किसी तरह छात्रों को समझाकर कक्ष से बाहर भेजा, लेकिन बाहर निकलते ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कॉलेज परिसर में दोनों गुटों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। इस दौरान एक छात्र घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

कॉलेज में मचे हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों और शिक्षकों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उग्र छात्रों को शांत कराया और परिसर से बाहर किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।

कॉलेज परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में बढ़ती छात्र राजनीति और टकराव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं।

Popular Articles