Top 5 This Week

Related Posts

खोया मोबाइल अब मिलेगा वापस—नैनीताल पुलिस ने 256 फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए, एस एस पी ने टीम को किया पुरस्कृत

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अप्रैल माह से 24 जून तक कुल 256 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 56.25 लाख रुपये बताई जा रही है। अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर फरियादियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस मोबाइल ऐप तथा सायर पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले का संज्ञान लेते हुए एस एस पी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को गुम हुए फोन बरामद करने के लिए सख्त निर्देश दिए।

एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में, सीओ ऑपरेशन अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन के आई एम आई नंबर को पोर्टल पर ट्रैक किया। जांच के दौरान गुम हुए फोन विभिन्न राज्यों में सक्रिय पाए गए।

पुलिस टीम की कड़ी मेहनत और तकनीकी निगरानी के बाद उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 256 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल फोन में 4 आईफोन, 35 सैमसंग, 59 ओप्पो, 10 वन प्लस, 26 रियलमी, 50 वीवो, 10 मोटो, 10 इनफिनिक्स, 19 रेडमी, 14 पोको, 5 लावा, 3 IQ, 6 टेक्नो और 5 आईटेल शामिल हैं।

इस उल्लेखनीय सफलता पर एस एस पी ने मोबाइल रिकवरी टीम की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

मोबाइल बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर तथा कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति की अहम भूमिका रही। नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई ने आम जनता का भरोसा और मजबूत किया है तथा यह साबित किया है कि तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के दम पर गुम हुई संपत्ति भी वापस मिल सकती है।

Popular Articles