Top 5 This Week

Related Posts

‘खेत बचाओ अभियान’ का भव्य शुभारंभ, सांसद अजय भट्ट ने किसानों से जैविक खेती अपनाने का किया आह्वान

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री भारत सरकार नरेंद्र मोदी और भारतीय कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूरगामी दृष्टि और विकसित भारत के संकल्प के सपने को साकार रूप देने दृष्टिगत “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत कृषि विभाग के सौजन्य से 1 जून से 30 जून, 2026 तक आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम “खेत बचाओ अभियान” का उद्घाटन विकास खंड सभागार, हल्द्वानी में माननीय सांसद अजय भट्ट द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट द्वारा जैविक खेती के प्रमाणीकरण और मार्केटिंग की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कृषि उत्पादों के मार्केटिंग के लिए ई-नाम पोर्टल के प्रयोग के बारे में जनता को जागरूक करने की बात कही। सांसद ने कहा कि आज के इस आधुनिक दौर में लोग जैविक खेती के बजाय उर्वरकों का अत्यधिक मात्रा में इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके दुष्परिणाम स्वरूप लोगों में असाध्य बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं।

माननीय सांसद ने कहा कि यदि खेतों में जैविक/प्राकृतिक खाद का उपयोग किया जाएगा तो वह हमारे आने वाले भविष्य के लिए बेहतर होगा। खेतों को उपजाऊ बनाने हेतु गोबर, जैविक खाद, कंपोस्ट खाद का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और दूसरे किसानों को भी जैविक/प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित करें। जैविक खाद प्रयोग करने पर हमारे खेतों की क्षमता बढ़ती रहेगी, जिससे अनाज की पैदावार बेहतर और गुणवत्तापूर्ण होगी।

कार्यक्रम में डॉ. संजय चौधरी, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र, ज्योलिकोट द्वारा कार्यक्रम में आए किसानों को कीटनाशक और उर्वरकों के संतुलित मात्रा में प्रयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों व दवाई के अंधाधुंध प्रयोग से बचें। बिना एक्सपर्ट की सलाह के रसायनों का प्रयोग करने से भी बचें। इस दौरान खेती में प्रयोग किए जाने वाले रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव से होने वाले रोग एवं बीमारियों पर भी चर्चा की गई।

केन्द्रीय शीतजल मात्स्यकी अनुसन्धान संस्थान के निदेशक डॉ. अमित पांडे द्वारा मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित पोषक तत्वों के प्रयोग पर जोर दिया गया, जिससे पर्यावरण और भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. जितेन्द्र भास्कर द्वारा किया गया। इस दौरान सहायक परियोजना निदेशक चन्द्रा फर्त्याल, मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी, विकास खंड प्रभारी डॉ. ममता जोशी, सहायक कृषि अधिकारी देवयानी चौधरी, बीटीएम किशोर मंडल समेत कुल 100 से अधिक किसानों सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।

Popular Articles