नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) को लेकर दायर जनहित याचिका पर सोमवार को सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant ने कहा कि इस मुद्दे को “इतनी भावुकता से लेने की जरूरत नहीं है।” अदालत ने मामले की तत्काल सुनवाई से भी इनकार कर दिया।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और कथित फर्जी वकीलों के नेटवर्क की जांच कराने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता का आरोप था कि अदालत की मौखिक टिप्पणियों का सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर व्यावसायिक व राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से मामले को गंभीर बताते हुए जल्द सुनवाई की मांग की गई। इस पर CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा, “इसे इतनी भावुकता से मत लीजिए, इसमें कोई बड़ी अर्जेंसी नहीं है।” अदालत ने कहा कि मामले पर नियमानुसार उचित समय पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई है। यह अभियान कथित तौर पर CJI की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ, जिसमें बेरोजगार युवाओं और व्यवस्था पर हमला करने वालों को लेकर बयान दिया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस नाम से व्यंग्यात्मक अभियान चलने लगा।
याचिका में यह भी मांग की गई कि अदालत की कार्यवाही और मौखिक टिप्पणियों का व्यावसायिक उपयोग रोका जाए तथा फर्जी डिग्री के आधार पर वकालत करने वालों की जांच कराई जाए। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल इस मामले में किसी तात्कालिक हस्तक्षेप से इनकार किया है।





