वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवक ने सुरक्षा चौकी पर तैनात अधिकारियों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। घटना के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया, जबकि एक राहगीर घायल हो गया।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति व्हाइट हाउस के पश्चिमी गेट के निकट स्थित चेकपॉइंट पर पहुंचा और बैग से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर था और पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रह चुका था। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले “स्टे-अवे ऑर्डर” भी जारी किया गया था।
घटना के समय व्हाइट हाउस परिसर और आसपास मौजूद पत्रकारों तथा कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में कई राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। घायल राहगीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर का उद्देश्य क्या था और वह किसी बड़े हमले की योजना बना रहा था या नहीं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।





