हरिद्वार में गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शुक्रवार से गंगा दशहरा समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया है।
प्रशासन के अनुसार दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को तय रूट से हरिद्वार भेजा जाएगा। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर वाहनों को बॉर्डर पर ही रोका जाएगा और वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए वाहनों को हरिद्वार में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, शहर के प्रमुख घाटों और हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के संचालन के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।
गौरतलब है कि पिछले वर्षों में गंगा दशहरा के दौरान हरिद्वार में भारी भीड़ के चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग चुका है। इसी को देखते हुए इस बार पहले से व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।





