Tuesday, March 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

एनडीए की जीत के बाद पटना में सियासी हलचल तेज: नीतीश आवास पर चिराग, सम्राट और ललन सिंह सहित कई नेताओं का जमावड़ा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद गुरुवार को सत्ता गठन की कवायद ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक अणे मार्ग आवास पर सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियाँ चरम पर रही। भाजपा, जदयू और एनडीए के सहयोगी दलों से जुड़े शीर्ष नेताओं के लगातार आगमन से संकेत साफ है कि नई सरकार के गठन की रूपरेखा लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

कैबिनेट गठन और विभागीय बंटवारे पर गहन मंथन

सुबह सबसे पहले जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। महत्वपूर्ण पदों पर माने जाने वाले इन दोनों नेताओं की मुलाकात को सरकार गठन में निर्णायक माना जा रहा है। चर्चा है कि कैबिनेट गठन, विभागीय बंटवारा और शपथग्रहण कार्यक्रम के एजेंडे पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इसके कुछ ही देर बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री तथा लोजपा-रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान भी सीएम आवास पहुंचे। इन नेताओं के लगातार पहुंचने से यह स्पष्ट हो चला कि एनडीए सरकार की संरचना और शक्ति संतुलन को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है।

“यह नीतीश कुमार के नेतृत्व की जीत” — चिराग पासवान

नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एनडीए की प्रचंड जीत गठबंधन की एकजुटता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व का परिणाम है।
उन्होंने कहा,
“लोजपा-रामविलास और जदयू के बीच तालमेल बेहद मजबूत था। इसका उदाहरण है अलौली सीट, जहां हमारी पार्टी ने खुले तौर पर जदयू को समर्थन दिया।”

चिराग ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष एनडीए में मतभेद की अफवाहें फैलाता रहा, लेकिन “इतनी बड़ी जीत बिना आपसी ईमानदार सहयोग के संभव ही नहीं थी।”

“मुख्यमंत्री पद की कोई गुंजाइश नहीं, यह जनता का आदेश है”

जदयू के फुलवारी से विधायक श्याम रजक ने सरकार गठन पर कहा कि जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है।
उन्होंने साफ कहा,
“मुख्यमंत्री पद के लिए कोई जगह खाली नहीं है। जनता ने नीतीश कुमार के काम पर मुहर लगाई है और वही नेतृत्व संभालेंगे।”

एनडीए नेतृत्व को लेकर सहयोगी दलों में सहमति

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन भी नीतीश आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2025 का जनादेश पूरी तरह नीतीश कुमार के पक्ष में है और एनडीए उन्हें ही मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहता है।
उनके शब्दों में,
“बिहार का नेतृत्व करने की क्षमता केवल नीतीश कुमार में है, इसलिए वही मुख्यमंत्री बनेंगे।”

नई सरकार का खाका लगभग तैयार

सुबह से शुरू हुई बैठकों का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। नेताओं के आवागमन ने संकेत दिया कि एनडीए विधायक दल की बैठक, कैबिनेट विस्तार और शपथग्रहण समारोह की तारीख पर जल्द ही औपचारिक घोषणा की जा सकती है। नई सरकार का ढांचा लगभग तय हो चुका है और एनडीए नेतृत्व के भीतर किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है।

एनडीए की भारी जीत के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई कैबिनेट में किसे कौन-सा विभाग मिलेगा और शपथग्रहण कब होगा।

Popular Articles