Sunday, February 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पिटकुल कर्मचारियों के लिए दिवाली पर खुशखबरी, तीन प्रतिशत डीए वृद्धि की सौगात

देहरादून।
दिवाली से पहले प्रदेश की पावर ट्रांसमिशन कंपनी पिटकुल (Power Transmission Corporation of Uttarakhand Limited) के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। शासन से आदेश जारी होने के बाद कंपनी के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी की स्वीकृति पर पिटकुल के सभी नियमित कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) की सौगात दी गई है।

नए आदेश के अनुसार, एक जुलाई 2025 से महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। इस निर्णय से पिटकुल के 874 नियमित कार्मिकों को सीधा लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ता बढ़ने से कर्मचारियों के वेतन में प्रतिमाह 597 रुपये से लेकर 6723 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।

पिटकुल प्रबंधन ने इस निर्णय को कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम बताया है। साथ ही यह भी कहा गया कि महंगाई भत्ते की वृद्धि से न केवल कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि संगठन के प्रति उनकी कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता में भी बढ़ोतरी होगी।

इससे पहले पिटकुल प्रबंधन ने दिवाली बोनस का आदेश भी जारी किया था। इसके तहत समूह-‘ग’ और समूह-‘घ’ श्रेणी के 586 कर्मचारियों को बोनस का लाभ दिया जा रहा है।

पिटकुल प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कर्मचारियों को समय-समय पर मिलने वाले वित्तीय लाभ जारी रहेंगे। दिवाली से ठीक पहले जारी हुआ यह आदेश कर्मचारियों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है—पहले बोनस और अब बढ़ा हुआ डीए।

Popular Articles