Top 5 This Week

Related Posts

तमिलनाडु हादसा: एन्नोर पावर स्टेशन में स्टील संरचना गिरने से असम के 9 मजदूरों की मौत, मुआवजे का ऐलान

तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले के मिंजूर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन एन्नोर थर्मल पावर स्टेशन की साइट पर स्टील की भारी आर्च (लोहे का ढांचा) अचानक गिर गई। इस दुर्घटना में असम के नौ प्रवासी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
असम सरकार ने जताया दुख, शव वापस लाने की तैयारी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार मृतकों के शव जल्द से जल्द असम लाने के लिए तमिलनाडु प्रशासन से लगातार संपर्क में है। सरमा ने बताया कि मृतकों में से चार करबी आंगलोंग जिले और पांच होजाई जिले के निवासी थे। उन्होंने कहा, “मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों और शुभचिंतकों के साथ हैं। सरकार हरसंभव मदद करेगी।”
मृतकों की पहचान
हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई, उनमें मुन्ना केम्प्राई, सोरबोजित थाउसेन, फाइबित फांगलू, बिदायुम पोरबोसा, पाबन सोरंग, प्रयांतो सोरंग, सुमन खरिकप, डिमराज थाउसेन और दीपक रैजुंग शामिल हैं।
चश्मदीद ने बताया- “पलक झपकते ही ढह गया ढांचा”
निर्माण स्थल पर काम कर रहे एक मजदूर ने उस भयावह मंजर को याद करते हुए कहा, “मैं नया हूं, उस हिस्से का नाम नहीं जानता, लेकिन यह बीच का जोड़ था। अचानक तेज आवाज हुई और देखते ही देखते पूरा हिस्सा गिर गया। कुछ ही सेकंड में सबकुछ मलबे में तब्दील हो गया।”
तमिलनाडु सरकार का कदम
तमिलनाडु के श्रम मंत्री सीवी गणेशन और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एसएम नाजर घायलों का हाल जानने के लिए स्टेनली सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में असम के अलावा झारखंड का एक मजदूर भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के मुताबिक, मजदूर पावर प्लांट की साइट पर ऊंचे मचान पर चढ़कर काम कर रहे थे। अचानक मचान टूटकर करीब 30 फीट नीचे गिर पड़ा। इससे मजदूर भी उसके साथ नीचे आ गिरे और तेज धमाके की आवाज हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और अधिकारियों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
यह दुर्घटना प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल तमिलनाडु और असम सरकार मिलकर मामले की जांच और पीड़ित परिवारों की मदद में जुटी हुई हैं।

Popular Articles