Top 5 This Week

Related Posts

गायक जुबीन गर्ग की मौत मामले में बड़ा एक्शन— प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और महोत्सव आयोजक श्यामकानु महंता गिरफ्तार

सिंगापुर में असम के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। बुधवार को पुलिस ने जुबीन गर्ग के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (NEIF) के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंता को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली एयरपोर्ट और गुरुग्राम से गिरफ्तारी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, महंता को सिंगापुर से दिल्ली लौटते समय इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। वहीं, शर्मा को पुलिस ने गुरुग्राम के एक अपार्टमेंट से पकड़ा। दोनों को बुधवार तड़के गुवाहाटी लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
जुबीन की पत्नी की प्रतिक्रिया
गायक की पत्नी गरीमा सैकिया गर्ग ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें राहत है कि दोनों को असम लाया गया है। उन्होंने कहा— “हम सभी यह जानने का इंतजार कर रहे हैं कि जुबीन के आखिरी पलों में क्या हुआ था। मुझे जांच टीम पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि अब सच सामने आएगा कि सिंगापुर में वास्तव में क्या हुआ।”
SIT कर रही है जांच
असम सरकार ने इस मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इसका नेतृत्व विशेष पुलिस महानिदेशक एम.पी. गुप्ता कर रहे हैं। SIT ने महंता, शर्मा, सिंगापुर असम संघ के पदाधिकारियों और महोत्सव में शामिल होकर सिंगापुर गए अन्य लोगों को नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था।
इंटरपोल के जरिए लुकआउट नोटिस
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पहले ही जानकारी दी थी कि महंता और शर्मा के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। साथ ही, उन्हें 6 अक्तूबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश होने का निर्देश भी दिया गया था।
गौरतलब है कि असम के दिग्गज गायक जुबीन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। उनकी अचानक मौत ने न सिर्फ परिवार बल्कि लाखों प्रशंसकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया था। अब SIT की जांच से यह साफ होने की उम्मीद है कि उस दिन वास्तव में क्या हुआ था।

Popular Articles