Wednesday, December 3, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

भारत पर ट्रंप के तीखे तेवर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 1 अगस्त 2025 से 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद अब भारत और रूस के व्यापारिक संबंधों पर भी कड़ी टिप्पणी की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है, वे अपनी मृत अर्थव्यवस्था को साथ डुबो सकते हैं।”

पाकिस्तान के साथ तेल डील का ऐलान

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ बड़ा ऊर्जा करार किया है, जिसके तहत दोनों देश मिलकर तेल भंडार विकसित करेंगे। उन्होंने लिखा, कौन जानता है, एक दिन पाकिस्तान भारत को भी तेल बेचे।”

हालांकि भारत-पाकिस्तान के बीच फिलहाल कोई द्विपक्षीय व्यापार नहीं होता है, फिर भी ट्रंप की यह टिप्पणी राजनीतिक संकेत के तौर पर देखी जा रही है।

भारत पर कम व्यापार और अधिक टैरिफ का आरोप

ट्रंप ने आरोप लगाया कि भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे अधिक हैं और अमेरिका के साथ उसका व्यापार बहुत कम है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इससे फर्क नहीं पड़ता, और रूस के साथ भी अमेरिका कोई व्यापार नहीं करना चाहता।

भारत की चुप्पी, लेकिन मजबूत आर्थिक संकेत

भारत सरकार की ओर से ट्रंप की इन टिप्पणियों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन जानकारों का मानना है कि भारत ट्रेड डील पर दबाव में झुकने के लिए तैयार नहीं है, और ट्रंप की नाराज़गी इसी का नतीजा है।

हालांकि, हकीकत यह है कि भारत और अमेरिका के बीच का द्विपक्षीय व्यापार 140 अरब डॉलर से अधिक है और दोनों देश इसे 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।

भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था

ट्रंप के बयानों के उलट, भारत की अर्थव्यवस्था को IMF, विश्व बैंक, ADB और UN जैसी संस्थाएं 2025-26 में 6.4% से 6.8% की विकास दर के साथ दुनिया की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था मान रही हैं।

भारत और अमेरिका मिलकर ग्लोबल सप्लाई चेन में चीन की निर्भरता कम करने पर भी बातचीत कर रहे हैं। ऐसे में ट्रंप की यह बयानबाज़ी राजनीतिक रणनीति मानी जा रही है, न कि आर्थिक वास्तविकता।

Popular Articles