पाकिस्तान में एयरलाइन की एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। लाहौर के रहने वाले शाहजैन नामक युवक ने कराची जाने के लिए फ्लाइट पकड़ी, लेकिन वह गलती से सऊदी अरब के जेद्दा पहुंच गया। शाहजैन ने एक प्राइवेट एयरलाइन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी नोटिस भेजा है।
युवक के अनुसार, लाहौर एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल से दो फ्लाइटें खड़ी थीं। उसने कराची की फ्लाइट पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गलती से जेद्दा जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान में चढ़ गया। विमान उड़ान भर चुका था और करीब दो घंटे बाद भी जब कराची नहीं पहुंचा, तब जाकर उसे गलती का एहसास हुआ।
न पासपोर्ट, न वीजा — फिर भी पहुंच गया जेद्दा
शाहजैन के मुताबिक, उसके पास न तो पासपोर्ट था, न ही सऊदी वीजा, इसके बावजूद वह अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बैठा और बिना वैध दस्तावेजों के सऊदी अरब पहुंच गया। जेद्दा पहुंचने पर एफआईए अधिकारियों ने पूछताछ की और उसे वापस लाने में दो से तीन दिन लग गए।
मानसिक-आर्थिक नुकसान का दावा
शाहजैन ने अब संबंधित एयरलाइन को कानूनी नोटिस भेजकर मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के चलते उन्हें भारी मानसिक तनाव, आर्थिक नुकसान और अंतरराष्ट्रीय पूछताछ जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने मांग की है कि एयरलाइन अतिरिक्त यात्रा खर्च, असुविधा और हानि की भरपाई करे।





