अमेरिका के टेक्सास राज्य में ग्वाडालूप नदी में आई भीषण बाढ़ ने अब तक 100 से अधिक लोगों की जान ले ली है, जबकि 30 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव दल तेजी से अभियान चला रहे हैं, लेकिन अधिकारी चेतावनी दे रहे हैं कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
समर कैंप में भारी जनहानि
टेक्सास हिल कंट्री स्थित सदी पुराना ‘कैंप मिस्टिक’, जहां लड़कियों का ईसाई ग्रीष्मकालीन शिविर चल रहा था, इस बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ। कैंप संचालकों ने बताया कि 27 कैंपर और काउंसलर की मौत हो चुकी है। केर काउंटी प्रशासन ने बताया कि अब भी 11 लोग लापता हैं। अब तक विभिन्न इलाकों से 84 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 28 बच्चे शामिल हैं।
कुछ सेकंड में सब तबाह, कई ने पेड़ों से लटककर बचाई जान
बाढ़ ने नदी के किनारे बसे टेंटों, ट्रेलरों और केबिनों को तबाह कर दिया। कई लोग बाढ़ के साथ बहते पेड़ों से टकराते हुए मीलों दूर तक बह गए। कुछ लोगों ने पेड़ों से लटककर जान बचाई, तो कुछ को गद्दों और कूलरों के ढेर में फंसे देखा गया। ट्रैविस, बर्नेट, केंडल, टॉम ग्रीन और विलियमसन काउंटियों में सबसे ज़्यादा मौतें दर्ज हुई हैं।
चेतावनियों पर सवाल, जांच शुरू
इस भयावह त्रासदी के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है कि क्या पर्याप्त मौसम चेतावनियां जारी की गई थीं, और शिविरों को समय पर खाली क्यों नहीं कराया गया? अधिकारियों ने बताया कि कई शिविर दुर्गम इलाकों में हैं, जहां सेलफोन नेटवर्क कमजोर है, जिससे सूचना मिलने में देरी हुई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को ही चेतावनी जारी कर दी गई थी।
राजनीतिक बयानबाज़ी भी शुरू
सीनेटर टेड क्रूज़ ने दावा किया कि संघीय मौसम एजेंसियों पर हाल ही में हुई बजट कटौती के कारण चेतावनियों में कोई देरी नहीं हुई। वहीं व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि सभी जरूरी चेतावनियां समय पर दी गई थीं।
पीएम मोदी जैसे दौरे पर ट्रंप भी टेक्सास आ सकते हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बाढ़ को “बड़ी आपदा” घोषित किया है और संकेत दिए हैं कि वे जल्द टेक्सास का दौरा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि संघीय मौसम विभाग के कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की कोई योजना नहीं है।
मानवीय कहानियां: बहादुरी और जीवटता के किस्से
बाढ़ के बीच रीगन ब्राउन नामक महिला ने बताया कि उनके 80 वर्षीय माता-पिता न सिर्फ सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, बल्कि उन्होंने अपनी 92 वर्षीय पड़ोसी को अटारी से निकालकर बचाया। एक अन्य मां एलिजाबेथ लेस्टर ने बताया कि उनके बेटे ने केबिन की खिड़की से कूदकर तैरते हुए जान बचाई, जबकि बेटी पहाड़ी की ओर दौड़ गई, जहां से उसे सुरक्षित निकाला गया।





