Wednesday, February 18, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

‘जल्द ही पुतिन से मिलूंगा, सीधे बातचीत जरूरी…’, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह जल्द ही अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से सीधी बीतचीत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ट्रंप की ओर से यह बयान तब सामने आया है, जब पुतिन ने तुर्किये में रूस और यूक्रेन की बीच होने वाली वार्ता में शामिल होने से इनकार किया है। पश्चिम एशिया की चार दिवसीय यात्रा समाप्त करते हुए ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘मुझे लगता है, अब हमें यह (बातचीत) कर लेनी चाहिए।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोहराया कि उन्हें इस बात की हैरानी नहीं हुई कि पुतिन बातचीत के लिए नहीं आए। ट्रंप ने कहा, ‘पुतिन इसलिए नहीं गए क्योंकि मैं वहां नहीं हूं।’

ट्रंप ने कहा कि जैसे ही बैठक तय हो पाएगी, वह पुतिन से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बेटी टिफनी ने हाल ही में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया है। उन्होंने कहा, ‘अगर जरूरत पड़े तो मैं सच में यहां से निकलकर चला जाऊंगा। मैं अपने प्यारे पोते को देखना चाहता हूं।’

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बातचीत में शामिल होने पर सहमति दी थी।  ट्रंप ने दोनों नेताओं से समाधान निकालने की अपील की थी। हालांकि, पुतिन ने जेलेंस्की से आमने-सामने मिलने की पेशकश को ठुकरा दिया। ट्रंप दोनों पक्षों पर जोर दे रहे हैं कि वे जल्दी से युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करें। जेलेंस्की ने अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 30 दिन की युद्ध विराम योजना को मंजूरी दी है, लेकिन रूस ने इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया है और यूक्रेन पर हमले जारी रखे हैं। फिर भी, रूस और यूक्रेन के शीर्ष अधिकारी तीन साल में पहली बार शुक्रवार को सीधे शांति वार्ता के लिए मुलाकात कर रहे हैं। यह बैठक इस्तांबुल में हो रही है। अधिकारियों और जानकारों को उम्मीद है कि इस वार्ता से तुरंत कोई बड़ा हल नहीं निकलेगा, लेकिन वार्ता एक जरूरी शुरुआत है।

ट्रंप ने कहा, वह (पुतिन) नहीं गए, मैं इसे समझता हूं। लेकिन हमें यह काम करना ही होगा। हर हफ्ते औसतन पांच हजार युवा मारे जा रहे हैं, हमें यह रोकना ही होगा। गुरुवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि इस गतिरोध को तोड़ने के लिए उनके और पुतिन के बीच बैठक होनी बहुत जरूरी है। ट्रंप ने कहा, चाहे किसी को अच्छा लगे या नहीं, मुझे नहीं लगता कि कोई हल निकलेगा जब तक मैं और पुतिन आमने-सामने नहीं मिलते। लेकिन हमें यह मसला हल करना ही होगा, क्योंकि बहुत ज्यादा लोग मर रहे हैं।

Popular Articles