राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर से लेकर मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी का कहर शुरू हो गया है। पांच राज्यों के 21 शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 38.2 डिग्री रहा, लेकिन मौसम विभाग ने बुधवार तक लू चलने की चेतावनी दी है और यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और यहां तक कि ओडिशा के शहरों में भी लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अप्रैल के पहले सप्ताह में लगभग हर शहर में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की गति में कमी ने गर्मी के बढ़ने में अहम भूमिका निभाई है, खासकर दिल्ली में। विभाग की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि सुबह के समय हवा की गति 8-10 किमी प्रति घंटे रहती है, दोपहर तक यह कम होकर 4-6 किमी प्रति घंटे तक आ जाती है और फिर शाम तक गति कुछ बढ़ती तो है, लेकिन 8 किमी प्रति घंटे से कम ही रहती है।
मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, उत्तर भारत और मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति की चेतावनी दी है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिणी भारत में अगले चार दिन में पारा 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा और उसके बाद के तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटे में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहा।