Saturday, March 15, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

अगले दो दिन उत्तर-पश्चिम भारत में जारी रहेगा सर्द हवाओं का प्रकोप

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तेज रफ्तार से सर्द सतही हवाएं चल रही है, इसलिए दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में फिर ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक यहां हवाओं का दौर जारी रहेगा। देश की राजधानी में अगले दो से तीन दिनों तक 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह के दौरान हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जो दोपहर तक 22 से 24 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान के 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

पृथ्वी पर सूर्य की ऊर्जा के असमान वितरण के कारण गर्म और ठंडी हवाएं चलती हैं। जिन हिस्सों पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं वहां गर्म हवा और जिन हिस्सों पर तिरछी किरणें पड़ती हैं वहां ठंडी हवा चलती है। चूंकि इस समय पश्चिम उत्तर भारत में सूर्य की किरणें तिरछी पड़ रही हैं इसलिए ठंडी हवाएं चल रही हैं।मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार फिलहाल उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि 9 मार्च से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव करने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर और अटलांटिक महासागर से नमी लेकर आता है।

यह नमी पाकिस्तान होते हुए भारत में प्रवेश करती है और उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का कारण बनती है। इससे रात के समय न्यूनतम तापमान बढ़ता है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है।मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात के तट पर 45 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने पर्यटकों व मछुआरों को इन इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी।

Popular Articles