Monday, December 22, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में लगातार रच रहा है इतिहास

राष्ट्रीय खेलों में मंगलवार को 20 किलोमीटर रेस वॉक में उत्तराखंड के सूरज पंवार सहित देश के छह एथलीटों ने इतिहास रच दिया। उन्होंने 14 साल बाद राष्ट्रीय खेलों का रिकाॅर्ड तोड़ा। जो 2011 में झारखंड के गुरमीत सिंह के नाम दर्ज था। गुरमीत ने तब एक घंटा 23 मिनट 26 सेकंड में रेस पूरी कर यह रिकॉर्ड बनाया था। नया रिकाॅर्ड अब सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन के नाम दर्ज हुआ है। सर्विन सेबस्टियन ने एक घंटा 21 मिनट 23 सेकंड में रेस पूरी कर यह रिकाॅर्ड बनाया है।राष्ट्रीय खेलों की 20 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन, उत्तराखंड के सूरज पंवार, पंजाब के अमनजोत सिंह, सर्विसेज के परमजीत सिंह, उत्तर प्रदेश के राम बाबू और राजस्थान के मुकेश निठारवाल ने गुरमीत सिंह के 2011 के रिकॉर्ड को तोड़ा। एक साथ छह एथलीटों के 14 साल पुराने रिकाॅर्ड को तोड़ेने पर जानकारों का कहना है कि इस रिकाॅर्ड के टूटने से भारतीय एथलेटिक्स में नई ऊर्जा आई है। यह उपलब्धि न केवल एथलीटों की फिटनेस और तकनीकी सुधार को दर्शाती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय प्रतिस्पर्धियों के बढ़ते कद का संकेत भी है।

रेस वॉक में सर्विन सेबस्टियन को मिला स्वर्ण पदक
देहरादून। राष्ट्रीय खेलों की 20 किलोमीटर रेस वॉक में सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन को स्वर्ण, उत्तराखंड के सूरज पंवार को रजत और पंजाब के अमनजोत सिंह को कांस्य पदक मिला।

20 किमी की रेस वॉक और नया राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड
• सर्विन सेबस्टियन (सर्विसेज) – 1:21:23
• सूरज पंवार (उत्तराखंड) – 1:21:34
• अमनजोत सिंह (पंजाब) – 1:21:42
• परमजीत सिंह (सर्विसेज) – 1:22:02
• राम बाबू (उत्तर प्रदेश) – 1:22:26
• मुकेश निठारवाल (राजस्थान) – 1:22:52
महिलाओं की 10 किमी रेस वॉक में भी बना नया रिकॉर्ड
राष्ट्रीय खेलों में महिलाओं की 10 किमी रेस वॉक में भी राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड टूटा। 2023 में मणिपुर की वाई बाला देवी के बनाए गए 51:56 के रिकॉर्ड को नौ एथलीटों ने तोड़ा, और हरियाणा की रवीना ने 45 मिनट 52 सेकंड के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, उत्तराखंड की शालिनी को रजत और यूपी की मुनिता प्रजपति को कांस्य पदक मिला।

Popular Articles