Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बंधकों की हत्या पर गुस्से में वैश्विक नेता

गाजा में छह इस्राइली बंधकों की हत्या पर न सिर्फ इस्राइल के लोगों में गुस्सा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर इसकी निंदा की जा रही है। कई वैश्विक नेताओं ने बंधकों की नृशंस हत्या पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने बंधकों की शीघ्र रिहाई और युद्वविराम समझौते पर सभी पक्षों से सहमति बनाने की अपील भी की है। वैश्विक नेताओं के ये बयान तब आए हैं जब एक दिन पहले रविवार को गाजा के राफा में एक सुरंग से 7 अक्टूबर को हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों में से छह के शव बरामद किए गए थे। इन लोगों की हत्या को लेकर ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि यह जानना विनाशकारी है कि हमास द्वारा छह इस्राइली बंधकों को मार दिया गया, आस्ट्रेलिया के लोग सभी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हर निर्दोष जीवन मायने रखता है। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गाजा में हमास द्वारा बंधकों की हत्या को पर आक्रोश जताया। साथ ही उन्होंने तत्काल युद्धविराम और सभी बंधकों को रिहा करने का आह्वान किया।

वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि हमास द्वारा गाजा में छह बंधकों की भयावह और संवेदनहीन हत्या से मैं पूरी तरह स्तब्ध हूं। इस भयानक समय में मेरी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं। हमास को अब सभी बंधकों को रिहा करना होगा, और सभी पक्षों को तुरंत युद्धविराम समझौते पर सहमत होना चाहिए।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी इन हत्याओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह इससे निराश और क्रोधित हैं। उन्होंने कहा कि हम इसकी पुष्टि करते हैं कि एक शव अमेरिकी नागरिक हेरश गोल्डबर्ग पोलिन का है। वह उन निर्दोष लोगों में से एक थे, जिन पर पर सात अक्तूबर को इस्राइल में शांति के लिए एक संगीत समारोह में भाग लेने के दौरान बेरहमी से हमला किया गया था। उसने हमास के क्रूर नरसंहार के दौरान दोस्तों और अजनबियों की मदद करते हुए अपना हाथ खो दिया था।

Popular Articles