प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों को संबोधित करने वाले हैं। इस बड़े कार्यक्रम की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 24 हजार से अधिक भारतीय प्रवासियों ने अपना नाम दर्ज कराया है। 22 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम का नाम ‘मोदी एंड यूएस प्रोग्रेस टुगेदर’ रखा गया है जो नासाउ वेटरन्स मेमोरियल कॉलेजियम में आयोजित किया जाएगा। इस हॉल की क्षमता 15 हजार लोगों की है। मगर साफ है कि क्षमता से कई अधिक लोग यहां मौजूद रहने वाले हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी 26 सितंबर को यहां उच्च स्तरीय संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को भी संबोधित करेंगे। इंडो-अमेरिकन कम्युनिटी ऑफ यूएसए (आईसीयू) ने मंगलवार को बताया कि 24 हजार से अधिक भारतीयों ने इस बड़े कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि पंजीकरण 590 सामुदायिक संगठनों के माध्यम से आया है, जिनमें से सभी ने संयुक्त राज्य भर से ‘वेलकम पार्टनर्स’ के रूप में हस्ताक्षर किए हैं। अमेरिका के कम से कम 42 राज्यों से भारतीय अमेरिकियों के इस इवेंट में हिस्सा लेने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के एक प्रमुख आयोजक ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें। हम बैठने की व्यवस्था बढ़ाने का इंतजाम कर रहे हैं। ‘मोदी और अमेरिका’ कार्यक्रम भारतीय-अमेरिकी समुदाय की जुड़ी हुई संस्कृति का जश्न मनाने वाला एक समागम होगा। इस कार्यक्रम में व्यापार, विज्ञान, मनोरंजन और कला के क्षेत्र में प्रमुख भारतीय-अमेरिकियों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन और प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी।’ बता दें, गैर-लाभकारी संगठन इंडो-अमेरिकन कम्युनिटी ऑफ यूएसए (IACU) सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इंडो- अमेरिकन समुदाय के बीच समझ और एकता को बढ़ावा देता है।





