विदेश मंत्रालय ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी यात्रा को लेकर घोषणा की। पीएम 21 से 23 अगस्त तक पोलैंड और यूक्रेन की आधिकारिक यात्रा करेंगे। पीएम मोदी की यात्रा की घोषणा के बाद पोलैंड के प्रभारी राजदूत सेबेस्टियन डोमजाल्स्की ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पीएम मोदी की पोलैंड और यूक्रेन की यात्राएं वैश्विक समुदाय को एक शक्तिशाली संकेत भेजेंगी कि भारत शांति, संवाद, संयुकत् राष्ट्र चार्टर और राष्ट्रों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता के लिए खड़ा है। डोमजाल्स्की ने पीएम मोदी की यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर खुशी व्यक्त की। साथ ही कहा, ‘पीएम मोदी के पोलैंड जाने के फैसले से हमें खुशी है और मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है। हमें इस बात की भी खुशी है कि पोलैंड की इस यात्रा को हमारे पड़ोसी यूक्रेन के साथ जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘जब यूक्रेन रूस के अवैध आक्रमण से अपनी सीमाओं सुरक्षा कर रहा है, ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा वैश्विक समुदाय को एक शक्तिशाली संकेत देगी।’ उन्होंने कहा, बेशक इस युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। हम युद्ध के न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद करते हैं। हमारे दृष्टिकोण से अगर रूसी सेना वापस चली जाती है तो यह युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो सकता है। डोमजाल्स्की ने पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा, हम अपने राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हम पिछले 70 वर्षों में हमारे सहयोग के इतिहास पर चर्चा करेंगे, लेकिन भविष्य पर भी ध्यान केंद्रित कर सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे। उन्होंने कहा, पीएम की यात्रा के दौरान तीन प्राथमिकता वाले क्षेत्र-प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और रक्षा होंगे। दोनों देश अपनी अर्थव्यवस्थाओं को उन्नत और आधुनिक बनाना चाहते हैं। पोलैंड ने पिछले 30-35 वर्षों में बहुत तेजी से विकास किया है। अब हम यूरोपीय संघ में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं।
डोमजाल्स्की ने कहा, पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान प्रौद्योगिकी के साथ ही सुरक्षा महत्वपूर्ण मुद्दा होगी। यूरोप में वर्तमान स्थिति को देखते हुए पीएम मोदी और पीएम टस्क इस पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों के साथ ही वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सुधार हमारे एजेंडे में सबसे ऊपर है।





